डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने आज नगर परिषद कार्यालय डिंडौरी का निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर परिषद कार्यालय को आनंदम दीदी कैफे भवन में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कार्यालय में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक भी की और नगर परिषद क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि अतिक्रमण एवं अन्य संवेदनशील गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
इसके अतिरिक्त, श्रीमती मारव्या ने नगर परिषद के वार्षिक बजट की समीक्षा करते हुए उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नगर की सुरक्षा, स्वच्छता और विकास के लिए ठोस और पारदर्शी कदम उठाना बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, जिला पंचायत सीईओ अनिल कुमार राठौर, पार्षदगण एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

