डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, योजनाओं के लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, अवैध खनन, अनुकरण, परिवहन और मादक पदार्थों की रोकथाम जैसे विषयों पर सख्त निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने सर्व शिक्षा अभियान समन्वयक को जिले की जर्जर स्कूलों की सूची तैयार कर मरम्मत के लिए भोपाल भेजने, स्कूलों के शौचालयों का स्टीमेट बनवाने तथा कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के नाम पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपलोड करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को सर्पदंश की दवा सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध कराने एवं लापरवाही बरतने वालों पर कार्यवाही करने को कहा गया। वहीं, सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों को तुरंत हल करने हेतु जनपद सीईओ को निर्देश दिए गए।

बैठक में खाद्य निरीक्षण रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए वेयरहाउस, राइस मिल और गोदामों में रखी सामग्री की जांच के निर्देश दिए। साथ ही तहसीलदारों को फार्मर रजिस्ट्री, भू-अर्जन, राजस्व वसूली, वनाधिकार पत्र वितरण और अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए। पीएचई विभाग को नल-जल योजना के तहत सड़कों पर खोदे गए गड्ढों को न भरने पर कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश जारी किए गए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों की गुणवत्ता की जांच के लिए एसडीएम को निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया। परिवहन विभाग को जिले में चल रहे चार पहिया वाहनों की फिटनेस और परमिट की सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए और प्रमाण पत्र मांगा गया कि बिना फिटनेस कोई वाहन ना चले। कलेक्टर ने सोमवार को किसी भी अधिकारी/कर्मचारी को अवकाश ना देने का निर्देश दिया और ई-ऑफिस का उपयोग नहीं करने वाले विभागों को तुरंत ई-ऑफिस पर शिफ्ट होने का आदेश दिया।



