डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जिले में विद्युत विभाग मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली आपूर्ति ठप कर देता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन इसके बावजूद जिला मुख्यालय जैसी संवेदनशील जगह पर भी विद्युत विभाग की लापरवाही साफ देखी जा सकती है। मुख्यालय पुरानी डिंडौरी वार्ड नंबर 11 के एक तालाब में झूलती हुई हाई वोल्टेज बिजली लाइन ने सुरक्षा को लेकर विभाग की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तालाब में गिरती यह लाइन कभी भी जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों ने इस मुद्दे को लेकर चिंता जताई है और संबंधित अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की मांग की है। यह स्थिति बताती है कि मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद करना सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया है, जबकि ज़मीनी स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्था दोनों ही नदारद हैं।



