13 से 31 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, ड्रिप स्प्रिंकलर और मिनी स्प्रिंकलर पर मिलेगा अनुदान, एग्री-स्टैक फार्मर आईडी अनिवार्य
साईडलुक, जबलपुर। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा पीडीएमसी योजना के अंतर्गत किसानों के लिए सिंचाई यंत्रों पर अनुदान हेतु ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक किसान 13 जुलाई से 31 जुलाई तक ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे ने बताया कि योजना के तहत किसान ड्रिप, स्प्रिंकलर एवं मिनी स्प्रिंकलर जैसे सिंचाई यंत्रों पर अनुदान प्राप्त कर सकेंगे। आवेदन करने के लिए किसानों को https://farmer.mpdage.org पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए कृषि भूमि की जानकारी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पंप का बिजली बिल तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों के लिए जाति प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।
उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों के पास एग्री-स्टैक फार्मर आई डी होना आवश्यक है। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी अथवा उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

