2 अगस्त तक स्कॉटलैंड में होगा खेलों का महाकुंभ, 13 खेल विधाओं की 113 स्पर्धाओं में भारत ठोकेगा ताल, एथलेटिक्स से लेकर बॉक्सिंग और पैरा-स्पोर्ट्स तक दिखेगा दमखम
साईडलुक, डेस्क। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्लासगो में प्रारंभ हुए 23वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे सभी खिलाड़ियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 जुलाई से प्रारंभ हुए इन खेलों में भारतीय खिलाड़ी निश्चित ही अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अद्भुत प्रतिभा, अटूट अनुशासन और अथक परिश्रम से भारत का गौरव विश्व मंच पर प्रतिष्ठित करेंगे। पूरे 140 करोड़ देशवासियों को यही विश्वास है और उनकी शुभकामनाएं हर खिलाड़ी के साथ हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे चैंपियन ग्लासगो में 23वें राष्ट्रमंडल खेलों में देश का मान बढ़ाने और तिरंगा लहराने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल खेल नहीं बल्कि देश की प्रतिष्ठा और गौरव का अवसर है, जहां हर भारतीय खिलाड़ी अपने देश के लिए पदक जीतने के संकल्प के साथ उतरेगा।
उल्लेखनीय है कि इस बार स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित हो रहे राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत की ओर से 126 भारतीय एथलीट अपनी मजबूत चुनौती पेश कर रहे हैं। भारतीय दल 13 खेल विधाओं की 113 स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहा है। यह आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस महाकुंभ में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, वेटलिफ्टिंग और विभिन्न पैरा-स्पोर्ट्स जैसे महत्वपूर्ण इवेंट्स में भारतीय खिलाड़ी अपनी ताकत दिखा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे उम्मीद है कि इस बार भी भारत पदक तालिका में शानदार प्रदर्शन करेगा और ग्लासगो की धरती पर भारतीय तिरंगे की शान बढ़ेगी।

