डिंडौरी,राठौर रामसहाय मर्दन| ग्राम करौंदी निवासी मंगल चकवर्ती द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डिण्डौरी को दी गई शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। शिकायत में कहा गया कि 12 मई 2025 की रात मंगल चकवर्ती अपने साले की शादी से लौट रहे थे, तभी शहपुरा पेट्रोल पंप के पास गश्त में लगे पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और मारपीट की।
शिकायत के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक घसीटालाल रजक, आरक्षक चालक संदीप चतुर्वेदी एवं अन्य पुलिसकर्मी, जिनमें से एक की पहचान अनूप बागरी के रूप में हुई, ने शराब के नशे में मंगल चकवर्ती के साथ गाली-गलौच कर डंडे और लात से मारपीट की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी ने आरक्षक संदीप चतुर्वेदी और अनूप बागरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र डिण्डौरी में संबद्ध किया है। निलंबन के दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा तथा उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
प्रकरण की प्राथमिक जांच उप पुलिस अधीक्षक शहपुरा मुकेश अविन्द्रा द्वारा 07 दिवस में प्रस्तुत की जाएगी।



