डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन।कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज कलेक्टर नेहा मारव्या की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया। जनसुनवाई के दौरान कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को निश्चित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों की समस्याओं में बुनियादी सुविधाएं रहीं केंद्र में
ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने खासकर पेयजल, जल निकासी, भवन निर्माण की स्वीकृति, अतिक्रमण हटाने और रास्ता निर्माण जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। ग्राम केवलारी से आए ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला भवन के सामने बरसात के पानी की निकासी नहीं होने की शिकायत की। उनका कहना था कि जल निकास अवरुद्ध होने से कीचड़ फैल गया है जिससे बच्चों और ग्रामीणों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है। उन्होंने शीघ्र जल निकासी कार्य कराने की मांग की।
ग्राम टिकरिया के मोहन सिंह मरावी ने प्राथमिक शाला टिकरिया के जर्जर भवन को लेकर निर्माण स्वीकृति की मांग की। उन्होंने कहा कि भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और बच्चों की जान जोखिम में है, लेकिन ग्रामसभा द्वारा कई बार प्रस्ताव भेजे जाने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम भैंसलगान (खुथमान टोला) के ग्रामीणों ने बताया कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर पंचायत द्वारा बनाए गए रास्ते को संकरा कर दिया गया है, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की।
ग्राम पंचायत मानिकपुर के 12 परिवारों ने निवास हेतु मद चरसनोई भूमि को आबादी में परिवर्तन करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से उक्त भूमि पर निवासरत हैं, और उनके पास कहीं और कोई ज़मीन नहीं है। कलेक्टर नेहा मारव्या ने सभी प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



