साईडलुक, जबलपुर। समरसता सेवा संगठन के तत्वावधान में जबलपुर में सर्व समाज की सहभागिता से “समरसता होली महोत्सव” का भव्य आयोजन रंगपंचमी पर कल बुधवार 19 मार्च को होने जा रहा है। श्रीराम जानकी मंदिर छोटा फुहारा से समरंग यात्रा के साथ आयोजन की शुरुआत होगी जो विभिन्न मार्ग से भ्रमण करती हुई डी एन जैन कॉलेज परिसर पहुंचेगी जहां पारंपरिक गीत संगीत के साथ पंरपरागत व्यंजनों के साथ समरसता होली महोत्सव का आयोजन होगा।
समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष संदीप जैन ने बताया लगातार दूसरा वर्ष है जब समरसता सेवा संगठन द्वारा समरसता के पर्व होली पर संस्कारधानी में समरसता की होली का आयोजन रंगपंचमी के अवसर पर किया जा रहा है, पूज्य संतो के सानिध्य, सर्व समाज की सहभागिता और संस्कारधानी के जनमानस की उपस्थिति में यह आयोजन भव्य और गरिमामय होगा।
श्री जैन ने बताया संस्कारधानी में समरसता की होली के आयोजन पर कल बुधवार 19 मार्च को रंगपंचमी पर दोपहर 2.30 बजे श्रीराम जानकी मंदिर, छोटा फुहारा से विराट समरंग यात्रा निकाली जाएगी जो मिलौनीगंज चौक, सुभाष टाकीज, कोतवाली, कमानिया, बड़ा फुहारा, लार्डगंज, सुपर बाजार, मालवीय चौक, होते हुए डी.एन. जैन कॉलेज मैदान पहुंचेगी।
समाज को संदेश देने शामिल होंगी विभिन्न झांकियां
श्री जैन ने बताया संतो की अगुआई में भव्य समरंग यात्रा निकाली जाएगी पूरे यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा मंचों से और घर दुकानों से फूलों की होली होगी। शोभायात्रा में बृज की होली, अवध की होली, मसाने की होली, सामाजिक समरसता की झांकी, परिवार सभा (कुटुंब प्रबोधन) की झांकी, पर्यावरण संरक्षण की झांकी, स्वच्छता की झांकी में संदेश के साथ ही संगठन के सदस्यों की तिली द्वारा पूरे मार्ग की सफाई जायेगी। मंचो द्वारा लगाई गई उत्कृष्ट झांकियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
परंपरागत गायन के साथ पारंपरिक व्यंजनो का होगा आंनद
शोभायात्रा के समापन के बाद डी.एन. जैन कॉलेज मैदान में समरसता की होली का आयोजन किया गया है जिसमें परंपरागत राई, फाग के साथ, स्टॉल में पारंपरिक व्यंजनों के साथ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है इस आयोजन में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं समरस जायका आकर्षण का केंद्र होगा।
पूज्य संतो के करकमलों से होगा गंगाजल एवं गुलाल का वितरण
श्री जैन ने बताया संस्कारधानी में समरसता की होली में जहां पूरी संस्कारधानी समरसता के रंगों में सराबोर होगी वही पूज्य संतो के कर कमलों से प्रयागराज के संगम तट के मां गंगा के पवित्र जल और होली की पावन गुलाल का वितरण भी कार्यक्रम स्थल में किया जाएगा।
महिलाओ की होगी विशेष भागीदारी
श्री जैन ने बताया इस बार के होली महोत्सव में महिला संगठनों के साथ ही बड़ी संख्या में मातृ शक्ति की भागीदारी होगी और व्यंजनों का वितरण महिलाओ के हाथो मे होगा।
पार्किंग व्यवस्था
संगठन सचिव उज्ज्वल पचौरी ने बताया होली महोत्सव के इस विराट आयोजन में आगुंतको के वाहनों के लिए शोभायात्रा के प्रारंभ स्थल और कार्यक्रम स्थल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। शोभायात्रा में शामिल होने आए आगंतुकों के लिए शासकीय गोविंदगंज स्कूल दमोहनाका में पार्किंग की व्यवस्था की गई है इसी तरह होली महोत्सव के कार्यक्रम स्थल डीएन जैन कॉलेज के पास टू व्हीलर वाहनों की पार्किंग जार्ज टाउन स्कूल मालवीय चौक, डॉ जामदार के पुराने अस्पताल में एवं फोर व्हीलर वाहनों की पार्किंग शहीद स्मारक मैदान गोलबाजार में की गई है।
श्री पचौरी ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी आगंतुकों से निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन पार्क करने का आग्रह किया है।
समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष संदीप जैन ने इस संस्कारधानी के इस कार्यक्रम में सभी से उपस्थिति की अपील करते हुए कहा प्रेम, एकता और समरसता के रंगों में रंगने के लिए इस भव्य आयोजन का हिस्सा बने।