कलेक्टर सिंह ने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए चल रहे विभागीय अभियानों की समीक्षा की समय सीमा बैठक संपन्न हुई….
डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिला कलेक्टर हर्ष सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा बैठक ली। उन्होंने बैठक में विभागवार संचालित योजनाओं एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की। उक्त बैठक में सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुनील शुक्ला, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम सुश्री भारती मरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्ष सिंह ने शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए चल रहे विभागीय अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने 100 दिवस निक्षय अभियान की जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि क्षय रोग उन्मूलन के लिए जिले में लगातार निक्षय अभियान के तहत स्क्रीनिंग की जा रही है। प्राप्त लक्ष्य से 34 प्रतिशत प्राप्ति की जा चुकी है। कलेक्टर श्री सिंह ने निक्षय अभियान के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बिना सूचना के एब्सेंट रहने पर पीएचई विभाग के SDO सस्पेंड…
कलेक्टर हर्ष सिंह ने मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे जन शिविर के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जन शिविर के तहत आए आवेदनों की स्थिति का आकलन सीएम हेल्पलाइन पोर्टल से किया। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं के लक्ष्य पूरे नहीं हुए हैं, उन्हें चिन्हित कर पूरा करें। कलेक्टर सिंह ने जन शिविर के दौरान अनुपस्थित रहे विभागीय अधिकारियों की जानकारी ली। जिसमें अनुपस्थित रहे विभागीय अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही करने के लिए विभागों को निर्देशित किया। उन्होंने पीएचई विभाग के शहपुरा एसडीओ को जन शिविरों में बिना सूचना के अनुपस्थित होने के कारण निलंबित करने के लिए कार्यपालन यंत्री पीएचई को निर्देशित किया। कलेक्टर सिंह ने कहा कि जन कल्याण शिविर में आ रहे आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करें।
कलेक्टर हर्ष सिंह ने उन्नत ग्राम के तहत जनपद पंचायतों के लिए सीईओ जनपदों को निर्देशित किया। उन्होंने पन्द्रहवे वित्त के तहत निर्माण कार्य में प्रगति लाने के लिए जनपद पंचायतों के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर हर्ष सिंह ने आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में आरबीसी 6-4 के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने नवीन स्वीकृत पंचायत भवनों के लिए भूमि चयन करने के संबंध में राजस्व विभाग और पंचायतों को निर्देश दिए।
जांच में विलंब करने पर नोटिस जारी करने के दिए निर्देश….
कलेक्टर हर्ष सिंह ने सीएम हेल्पलाईन और समय-सीमा प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा कर लंबित प्रकरणों को त्वरित निपटान करने के लिए निर्देशित किया। समय-सीमा प्रकरण पर जांच में विलंब करने के लिए कलेक्टर सिंह ने कृर्षि विभाग के एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग लंबित प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्य करें।



