डिंडौरी| मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड डिंडौरी स्थित चंद्र विजय कॉलेज में बी.एस.डब्ल्यू. एवं एम.एस.डब्ल्यू. कक्षाओं के छात्रों द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत जल संरक्षण हेतु संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, मेंटर्स तथा ब्लॉक समन्वयक गणेश सिंह राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति में जल संरक्षण की शपथ ली गई। विद्यार्थियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि “मैं पानी को एक अनमोल संपदा मानूंगा/मानूंगी और इसका विवेकपूर्ण उपयोग करूंगा/करूंगी। अपने परिवारजनों और पड़ोसियों को भी इसके विधिसम्मत उपयोग के लिए मार्गदर्शन करूंगा/करूंगी।” कार्यक्रम के दौरान “पानी नहीं तो जीवन नहीं” और “पानी बचाओ, पानी तुम्हें बचाएगा” जैसे प्रेरणादायक नारों से पूरा वातावरण जागरूकता और ऊर्जा से भर उठा।
राज्य सरकार द्वारा इस अभियान को MY Bharat पोर्टल पर एक मेगा इवेंट के रूप में लॉन्च किया गया है, जिसका उद्देश्य युवाओं की सहभागिता से जल संरक्षण, जल स्रोतों की सफाई, मरम्मत और प्रदूषण में कमी लाना है। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा विकसित इस डिजिटल पोर्टल के माध्यम से जिले अपने जल संरक्षण प्रयासों को साझा करेंगे। साथ ही, युवाओं को “जलदूत” के रूप में पंजीकृत कर अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक ग्राम से प्रेरित युवाओं को इससे जोड़ा जाएगा और उन्हें पोर्टल के माध्यम से प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। यह आयोजन जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की नींव रखेगा।



