जबलपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरूवार को ग्राम मटामर के कैलाशधाम पहुंचकर दर्शन व पूजन किया तथा जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जुलाई माह में होने वाली कावड़ यात्रा के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह 15वीं कावड़ यात्रा होगी, इसे भव्यतम बनाने के सभी समुचित प्रयास किये जायें। साथ ही जहां से यात्रा गुजरती है वहां के सड़क मार्ग को सुव्यवस्थित किया जाये। कैलाशधाम के पास पहाड़ी के रास्ते का चौड़ीकरण किया जाये तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की जाये। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत वृक्षारोपण करें, क्योंकि वृक्ष वर्षाजल को आकर्षित करते हैं, साथ ही ऑक्सीजन व कई बहुमूल्य उत्पाद भी प्रदान करते हैं। इस दौरान श्री समर्थ भैया जी सरकार, पनागर विधायक सुशील तिवारी इंदु, सामाजिक और राजनैतिक कार्यकर्ता, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, एसडीएम अभिषेक सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

