डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जनपद पंचायत शहपुरा में प्रशासनिक फेरबदल के तहत पहले स्थानांतरित किए गए मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद कुमार बोरकर को उच्च न्यायालय जबलपुर के आदेश पर पुनः जनपद पंचायत शहपुरा में पदस्थ कर दिया गया है। इससे संबंधित आदेश जिला पंचायत डिण्डौरी द्वारा जारी कर दिया गया। प्रारंभ में कार्यालयीन आदेश क्रमांक के अनुसार अरविंद बोरकर को शहपुरा से स्थानांतरित कर जनपद पंचायत पलेरा, जिला टीकमगढ़ भेजा गया था। इस स्थानांतरण के पश्चात शहपुरा का अतिरिक्त प्रभार लोकेश नारनोरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अमरपुर को सौंपा गया था।
हालांकि अरविंद कुमार बोरकर ने उक्त स्थानांतरण के विरुद्ध माननीय उच्च न्यायालय, जबलपुर में याचिका क्रमांक 22640/2025 प्रस्तुत की थी। उच्च न्यायालय द्वारा दिनांक 27.06.2025 को पारित आदेश के अनुसार उन्हें पुनः जनपद पंचायत शहपुरा में कार्य करने हेतु आदेशित किया गया। उक्त न्यायालयीन आदेश के अनुपालन में जिला पंचायत डिण्डौरी सीईओ ने तत्काल प्रभाव से बोरकर का पूर्व स्थानांतरण आदेश निरस्त करते हुए उन्हें पुनः जनपद पंचायत शहपुरा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में पदस्थ किया है।



