डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत महात्मा गांधी नरेगा योजना से जुड़ी उपयोजना “एक बगिया मां के नाम” को लेकर राज्य स्तर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसी कड़ी में डिंडौरी जिला पंचायत सभाकक्ष में एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श अनिल कुमार राठौर, परियोजना अधिकारी मनरेगा प्रदीप कुमार शुक्ला, कार्यपालन यंत्री आरईएस श दीपसिंह आर्मो, जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन श्रीमती अर्पना पांडेय सहित सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, सहायक यंत्री, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, उपयंत्री, सहायक लेखाधिकारी और विकासखंड प्रबंधक (NRLM) उपस्थित रहे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी राठौर ने निर्देश दिए कि दो दिवस के भीतर विकासखंड प्रबंधक हितग्राही महिलाओं का चयन कर – स्व-सहायता समूह का नाम, हितग्राही का नाम, खसरा नंबर एवं समग्र आईडी सहित सभी विवरण “एक बगिया मां के नाम” एप पर दर्ज करें। इसके बाद उपयंत्री मनरेगा के साथ समन्वय करते हुए सिपरी एप से चिन्हांकन कर आवश्यक स्वीकृति 15 जुलाई तक सुनिश्चित की जाए। योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की सक्रिय स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिला सदस्य, जो स्वेच्छा से अपनी आधा एकड़ से एक एकड़ तक की भूमि पर फलदार वृक्ष लगाना चाहती हैं, उन्हें लाभार्थी बनाया जाएगा। चिन्हांकित हितग्राहियों की भूमि की उपयुक्तता, खसरा विवरण, समग्र आईडी और लगाये जाने वाले पौधों की जानकारी 15 जुलाई से पहले सिपरी एप में दर्ज कर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।



