साईडलुक, सत्यजीत यादव। बरगी डैम (नर्मदा घाटी परियोजना) में जलस्तर फिलहाल 416.50 मीटर दर्ज किया गया है, जो डैम की अधिकतम भराव क्षमता (F.R.L 422.76 मीटर) से करीब 6.26 मीटर कम है। डैम की वर्तमान लाइव कैपेसिटी 1640 मिलियन क्यूबिक मीटर (MCM) है, जो कुल क्षमता का 51.57% है।
शनिवार सुबह 8:00 बजे जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, डैम में औसत जलप्रवेश (Inflow) 1613 क्यूसेक (CUMEC) दर्ज किया गया। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए डैम के 5 गेट, प्रत्येक 2 मीटर की ऊंचाई तक खोले गए हैं, जिससे कुल 1150 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त दाहिने किनारे के पावर हाउस (RBPH) से 204 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार नर्मदा नदी में कुल 1354 क्यूसेक जल प्रवाह हो रहा है।
वर्षा की स्थिति
उपरी जलग्रहण क्षेत्र में बीते 21 घंटों में औसत 24.25 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस मानसून सीज़न में अब तक 689.25 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर स्थिति
पिछले वर्ष इसी दिन (12 जुलाई 2024) सुबह 8 बजे तक बरगी डैम का जलस्तर केवल 411.90 मीटर था और लाइव स्टोरेज 907.50 MCM (28.54%) पर था। तुलना करें तो इस वर्ष जल संग्रहण स्थिति अधिक सशक्त और संतुलित है।
वर्तमान में बरगी डैम की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन मानसून की तीव्रता को देखते हुए जलप्रवाह और गेट संचालन पर सतत निगरानी रखी जा रही है।


