डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए जनजातीय कार्य विभाग ने डिंडौरी जिले की प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी शालाओं में रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति के आदेश तो जारी कर दिए, लेकिन ज़मीनी हकीकत इससे उलट है। विभाग ने निर्देश दिया है कि EHRMS पोर्टल पर दर्ज रिक्त पदों के अनुसार ही शाला प्रबंधन समितियाँ अतिथि शिक्षकों को आमंत्रित करें। हालांकि, जिले में रिक्त पदों की जानकारी अब तक EHRMS पोर्टल पर अपडेट ही नहीं की गई है। वहीं, हाल ही में हुए स्थानांतरण और युक्तिकरण के कारण कई शालाओं में शिक्षकों की भारी कमी है। पोर्टल की स्थिति स्पष्ट न होने से शाला प्रबंधन समितियाँ भी नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर असमंजस में हैं। इस संबंध में शासकीय शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने कहा कि सभी विकासखंडों में रिक्त पदों की सूची सार्वजनिक की जाए तथा संकुल प्राचार्यों के माध्यम से प्रत्येक शाला को लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। तभी अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया सुचारु रूप से प्रारंभ हो पाएगी।



