डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने की। इस अवसर पर शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिल कुमार राठौर की उपस्थिति में सभी विभाग प्रमुखों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में कई महत्वपूर्ण विभागीय मुद्दों पर समीक्षा और निर्देश दिए गए।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश…
वन विभाग को लंबित स्वीकृतियों को शीघ्र जारी करने और अगली बैठक में स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों की भर्ती कर अनंतिम सूची जारी करने को कहा गया मुख्यमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली बहना योजना के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत गारंटी अवधि की सड़कों की मरम्मत के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए गए। लोक निर्माण विभाग (PIU) को पूर्ण भवनों का लोकार्पण करने हेतु तिथि तय करने और निर्माणाधीन भवनों को समयावधि में पूर्ण करने को कहा गया।जल संसाधन विभाग को नई सड़कों के निर्माण हेतु एक सप्ताह में स्वीकृति प्राप्त कर कार्य पूर्ण करने के निर्देश मिले। बैंक मैनेजरों को अटल पेंशन योजना और अटल जीवन ज्योति योजना के प्रचार-प्रसार हेतु शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। खेल एवं युवा कल्याण विभाग को खेल सामग्री प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वितरित करने के निर्देश दिए गए। उद्यानिकी विभाग को रोपणियों में विशेष रूप से फलदार पौधों की ग्राफ्टिंग कराने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान सभी विभागों को उनके अधीन कार्यों को नियमानुसार एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। सभा में विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



