सोशल मीडिया का व्यंग्य बना युवा असंतोष की आवाज, सरकार पर बढ़ रहा दबाव
साईडलुक, डेस्क। देश की राजनीति में इन दिनों एक ऐसा नाम तेजी से चर्चा में है, जो कुछ सप्ताह पहले तक केवल सोशल मीडिया का मजाकिया ट्रेंड माना जा रहा था। “Cockroach Janta Party” यानी “कोकरोच जनता पार्टी” अब केवल मीम या व्यंग्य तक सीमित नहीं रह गई, बल्कि यह लाखों युवाओं के गुस्से, बेरोजगारी की चिंता और व्यवस्था के प्रति नाराजगी का प्रतीक बनती जा रही है। यही कारण है कि इसके तेजी से बढ़ते फॉलोवर्स अब सत्ता प्रतिष्ठान और राजनीतिक दलों दोनों के लिए चिंता का विषय बन गए हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर शुरू हुआ यह अभियान कुछ ही दिनों में करोड़ों लोगों तक पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार “Cockroach Janta Party” के सोशल मीडिया फॉलोवर्स की संख्या 2 करोड़ से अधिक पहुंच चुकी है, जो कई राष्ट्रीय राजनीतिक दलों की डिजिटल मौजूदगी से भी ज्यादा बताई जा रही है। इस अभियान को खासतौर पर Gen Z और पहली बार वोट देने वाले युवाओं का बड़ा समर्थन मिल रहा है।
खड़ा कर दिया डिजिटल आंदोलन
दरअसल इस पूरे अभियान की शुरुआत उस विवादित टिप्पणी के बाद हुई, जिसमें बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से किए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसके बाद युवाओं ने उसी शब्द को व्यंग्यात्मक प्रतीक बनाकर डिजिटल आंदोलन खड़ा कर दिया। AI से बने कॉकरोच मैस्कॉट, मीम्स, वीडियो और व्यंग्यात्मक पोस्ट के जरिए सरकार, बेरोजगारी, परीक्षा घोटालों, महंगाई और व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने लगे।
“ऑनलाइन असंतोष” का बड़ा मंच
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत उसका “भावनात्मक कनेक्शन” है। लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, रोजगार की कमी, बढ़ती महंगाई और डिजिटल सेंसरशिप जैसे मुद्दों से परेशान युवा खुद को इस व्यंग्यात्मक आंदोलन से जुड़ा महसूस कर रहे हैं। यही वजह है कि यह अभियान केवल हास्य तक सीमित नहीं रहा बल्कि “ऑनलाइन असंतोष” का बड़ा मंच बन गया।
वेबसाइट बंद कराने की हुई घटनाएं
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी Reuters की रिपोर्ट के अनुसार आंदोलन से जुड़े लोगों का दावा है कि सोशल मीडिया अकाउंट्स को सीमित करने, वेबसाइट बंद कराने और संस्थापक को धमकियां मिलने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। हालांकि सरकारी स्तर पर इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विपक्षी दल और नागरिक संगठन इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहे हैं।
आवाज दबाने के बजाय समस्याऐं सुने
इस पूरे विवाद को और अधिक चर्चा तब मिली जब प्रसिद्ध पर्यावरणविद् Sonam Wangchuk ने खुद को “Honorary Cockroach” बताते हुए इस आंदोलन का समर्थन कर दिया। वांगचुक ने कहा कि सरकार को युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए। इसके बाद लद्दाख प्रशासन और वांगचुक के बीच बयानबाजी ने मामले को और राजनीतिक बना दिया।
डिजिटल राजनीति का दिया संकेत
विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार की असली चिंता केवल मीम्स नहीं हैं, बल्कि वह “डिजिटल राजनीतिक लामबंदी” है जो बिना किसी पारंपरिक संगठन के करोड़ों युवाओं तक पहुंच रही है। भारत में पहले भी सोशल मीडिया अभियान वायरल हुए, लेकिन “Cockroach Janta Party” ने व्यंग्य, बेरोजगारी और राजनीतिक असंतोष को एक साथ जोड़कर नई तरह की डिजिटल राजनीति का संकेत दिया है।
युवा वर्ग मौजूदा राजनीति से असंतुष्ट
हालांकि कई राजनीतिक विश्लेषक यह भी मानते हैं कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होना और जमीन पर राजनीतिक ताकत बनना दोनों अलग बातें हैं। अभी तक इस अभियान के पास न स्पष्ट संगठनात्मक ढांचा है और न ही पारंपरिक चुनावी रणनीति। लेकिन इसके बावजूद यह आंदोलन इस बात का संकेत जरूर दे रहा है कि देश का एक बड़ा युवा वर्ग मौजूदा राजनीति से असंतुष्ट दिखाई दे रहा है।
विदेशी समर्थन और फर्जी फॉलोवर्स के आरोप
उधर सत्तारूढ़ दल के कुछ नेताओं ने इस अभियान पर सवाल उठाते हुए विदेशी समर्थन और फर्जी फॉलोवर्स के आरोप लगाए हैं। हालांकि आंदोलन के संस्थापक अभिजीत डिपके ने दावा किया कि उनके अधिकांश फॉलोवर्स भारत से हैं और यह पूरी तरह युवाओं की नाराजगी से पैदा हुआ डिजिटल आंदोलन है।
व्यवस्था के लिए गंभीर राजनीतिक संकेत
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यदि बेरोजगारी, भर्ती घोटाले, परीक्षा लीक और महंगाई जैसे मुद्दों पर ठोस समाधान नहीं निकला तो यह डिजिटल असंतोष आगे चलकर वास्तविक राजनीतिक दबाव में भी बदल सकता है। फिलहाल “Cockroach Janta Party” भले ही चुनावी पार्टी न हो, लेकिन इसने यह जरूर साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया का व्यंग्य अब सत्ता और व्यवस्था के लिए गंभीर राजनीतिक संकेत बनता जा रहा है।

