कहा मैंने देश को एक नागरिक के रूप में भी देखा है, मनमोहन सिंह सरकार में रहा सुरक्षा सचिव, CRPF और राजस्थान के DGP के रूप में भी दी सेवा
साईडलुक, नई दिल्ली। संसद में चर्चा के दौरान पूर्व IPS अधिकारी और वर्तमान सांसद हरीश चंद्र मीणा ने अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव का हवाला देते हुए केंद्र सरकार की कार्यशैली पर बड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मैंने इस देश को एक नागरिक के रूप में भी देखा है और एक अधिकारी के रूप में भी परखा है।
टोंक-सवाई माधोपुर से 18वीं लोकसभा के सांसद हरीश चंद्र मीणा ने सदन में कहा कि मनमोहन सिंह जी के कार्यकाल में मैं सुरक्षा सचिव रहा, CRPF में सेवा दी और पुलिस में DGP भी रहा। मेरे अनुभव में पहले की सरकार अधिकारियों से जवाबदेही तय करती थी। उस दौर में व्यवस्था में पारदर्शिता और जिम्मेदारी का भाव अधिक था।
गौरतलब है कि हरीश चंद्र मीणा 1976 बैच के रिटायर्ड IPS अधिकारी हैं। वे राजस्थान के DGP के पद पर 2009 से 2013 तक रहे जो अब तक का एक रिकॉर्ड है। इसके बाद प्रतिनियुक्ति पर कैबिनेट सचिवालय में सचिव (सुरक्षा) के पद पर दिल्ली में तैनात रहे और मनमोहन सिंह सरकार के कार्यकाल में देश की शीर्ष सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने राजस्थान में DG (Jails) और DG (Home Guards) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया है।
2014 में वे भाजपा से दौसा से सांसद चुने गए थे और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए। वर्तमान में वे 2024 से कांग्रेस के टिकट पर टोंक-सवाई माधोपुर से सांसद हैं। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और विपक्ष इसे मौजूदा सरकार पर निशाना साधने के तौर पर देख रहा है।

