सीएम हेल्पलाइन और मीडिया में लगातार आ रही थी शिकायतें,
सिविल सर्जन ने तत्काल प्रभाव से समाप्त की व्यवस्था
साईडलुक, जबलपुर। जिला चिकित्सालय विक्टोरिया में गेट पास के नाम पर अवैध वसूली करने वाले ठेकेदार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। दरअसल, जिला चिकित्सालय जबलपुर में मेसर्स मोहम्मद फारूख अहमद के माध्यम से संचालित गेट पास व्यवस्था के तहत भर्ती मरीजों के परिजनों से प्रति व्यक्ति पांच रुपये लिए जा रहे थे, जिसे लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ये शिकायतें मीडिया, स्वयंसेवी संगठनों और सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से गरीब जनमानस की ओर से लगातार उठाई जा रही थीं, क्योंकि इस अवैध वसूली से अस्पताल की व्यवस्था जनहित में प्रतिकूल रूप से प्रभावित हो रही थी।
गौरतलब है कि जिला चिकित्सालय प्रशासन ने खुद माना कि यह गेट पास सुविधा अन्य शासकीय स्वास्थ्य इकाइयों जैसे मेडिकल कॉलेज और रानी दुर्गावती चिकित्सालय (लेडी एल्गिन), जबलपुर में नहीं है, फिर भी यह व्यवस्था यहां जारी थी। इसी को देखते हुए सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. नवीन कोठारी ने आदेश जारी करते हुए व्याप्त अनियमितताओं और अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुबंध वृद्धि न होने का हवाला देते हुए आगामी टेंडर प्रक्रिया तक के लिए गेट पास व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से समाप्त कर दिया है। साथ ही ठेकेदार मेसर्स मोहम्मद फारूख अहमद को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह उचित कार्यवाही करते हुए आरकेएस शाखा से समस्त देयकों का भुगतान कर अनापत्ति प्राप्त करना सुनिश्चित करें। इस कार्रवाई से आम मरीजों और उनके परिजनों में राहत की लहर है।
#जबलपुर #गेटपासबंद #अवैधवसूली #सीएमहेल्पलाइन #जिलाचिकित्सालय #जनहित #डॉनवीनकोठारी

