भोपाल/डिंडौरी| मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रितों के हित में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लगभग साढ़े सात लाख कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के लिए 20 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा वाला स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की है।
इस योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त अस्पतालों की सूची जारी की गई है, जहाँ कर्मचारी एवं उनके आश्रित बिना किसी आर्थिक बोझ के स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस बीमा योजना से न सिर्फ कर्मचारियों को बल्कि उनके परिवारों को भी गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव के इस निर्णय का प्रदेश के शासकीय शिक्षक संगठनों ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। संगठनों ने इस निर्णय को “कर्मचारी वर्ग के लिए वरदान” बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि यह बीमा योजना न केवल कर्मचारियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि इससे उनमें कार्य के प्रति आत्मविश्वास और समर्पण की भावना भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि उनकी सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी तरह के फैसले लेकर कर्मचारियों को राहत देने का प्रयास जारी रहेगा।

