साईडलुक, जबलपुर। महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग का एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान जबलपुर में लगातार सफलता के नए आयाम गढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भी यह मुहिम पूरी गति से जारी रही, जिसके तहत शहर भर की चिन्हित स्वास्थ्य संस्थाओं में 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी की वैक्सीन निःशुल्क लगाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक कुल 888 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है। यह आंकड़ा महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर बढ़ रही जागरूकता और विभाग के प्रयासों का परिचायक है। डॉ. मिश्रा ने जोर देकर कहा कि एचपीवी वायरस गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का एक प्रमुख कारक है, और इसका टीका इस बीमारी की रोकथाम के लिए अत्यंत प्रभावी तथा पूरी तरह सुरक्षित है।
जिले में यह महत्वपूर्ण टीकाकरण कार्यक्रम चालीस शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से संचालित किया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज, रानी दुर्गावती चिकित्सालय, सिविल हॉस्पिटल राँझी, कैंट हॉस्पिटल, प्रसूतिका गृह मोतीनाला, यूपीएचसी कोतवाली, रजा चौक, सुभाषनगर, मनमोहन नगर, शांति नगर, उखरी, गुप्तेश्वर, पोलीपाथर, बड़ा पत्थर, संजय नगर और तिलवाराघाट स्थित एचपीवी टीकाकरण केंद्र प्रमुखता से शामिल हैं। वहीं, ग्रामीण अंचलों में सिविल अस्पताल सिहोरा एवं पाटन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखेड़ा, पिपरियाकला, शहपुरा, पनागर, मझौली, कुंडम एवं बरगी, तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोसलपुर, खितौला, मझगवां, नटवारा, भिड़की, चरगवां, पड़रिया, बघराजी, बोरिया, कटंगी, बेलखाडू, सोनपुर, इंद्राना, बरेला एवं मोहला में भी यह टीकाकरण सुचारु रूप से जारी है।
यह अभियान जबलपुर की बालिकाओं और महिलाओं को एक स्वस्थ भविष्य की ओर ले जाने का एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।

