साईडलुक, जबलपुर। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के सख्त आदेश और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए जबलपुर जिला प्रशासन ने मदन महल पहाड़ी को अतिक्रमण मुक्त करने का महाअभियान दूसरे दिन भी धरातल पर उतारा। पुरवा क्षेत्र में रविवार को भारी पुलिस बल और नगर निगम की जेसीबी मशीनों ने करीब 30 अवैध निर्माणों को चंद घंटों में ध्वस्त कर दिया। 28 परिवारों को उनके गृहस्थी समेत तेवर ग्राम के पुनर्वास स्थल शिफ्ट किया गया।
एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह ने बताया कि विस्थापित परिवारों की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम के वाहनों से सामान सुरक्षित तेवर पहुंचाया गया। प्रत्येक परिवार को बांस, बल्ली और तिरपाल उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासन ने भोजन की पूर्ण व्यवस्था की है तथा सहायता के लिए हेल्पडेस्क स्थापित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज बच्चों की देखभाल सुनिश्चित की, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती व धात्री महिलाओं को टेक-होम राशन व विशेष चिकित्सा सुविधा प्रदान की।
अभियान जारी रहेगा
एसडीएम अनुराग सिंह ने स्पष्ट किया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार कार्रवाई बिना रुके चलेगी। जिला प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण के इस कदम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पहाड़ी को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर हरा-भरा बनाया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, लेकिन कुछ विस्थापित परिवारों ने पुनर्वास सुविधाओं में और सुधार की मांग उठाई। आने वाले दिनों में अभियान का दायरा बढ़ेगा।
#मदनमहल_अभियान #अतिक्रमण_विरोधी_कार्रवाई #जबलपुर_ब्रेकिंग #सुप्रीमकोर्ट_आदेश #तेवर_रीसेटलमेंट #मप्र_पर्यावरण #अवैध_कब्जे_हटाओ #जिला_प्रशासन_एक्शन

