ई-केवाईसी प्रगति की समीक्षा, शत-प्रतिशत पूर्णता के निर्देश — कलेक्टर नेहा मारव्या….
डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या की अध्यक्षता में सोमवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने और वितरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी सप्ताह में 100% लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बताया गया कि डिंडौरी जिले में कुल 6,54,001 उपभोक्ताओं में से 5,78,587 की ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है, जो कि 88 प्रतिशत है। शेष 75,414 सदस्यों के संबंध में अधिकारियों ने जानकारी दी कि इनमें से अधिकांश या तो 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, 80 वर्ष से अधिक के बुजुर्ग, विवाह के बाद पलायन कर चुके लोग, मृतक या अपात्र के रूप में चिन्हित सदस्य हैं, जिनकी जानकारी पोर्टल अपडेट होते ही प्रगति में दर्शाई जाएगी।
कलेक्टर ने नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक को आवंटन के विरुद्ध पूर्ति में विलंब पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों में समय पर एवं गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। क्षेत्रीय कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वितरण की गुणवत्ता पर नजर रखें और मानव स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।
बैठक में सहायक आयुक्त सहकारिता सुश्री शानू चौधरी, जिला आपूर्ति अधिकारी अम्भोज कुमार श्रीवास्तव, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम अशोक राजपूत, जिला प्रबंधक वेयरहाउस होतीलाल मरावी सहित कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नितिन जयसवाल, आकाश तुरकेल, एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



