डिंडौरी राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्टर नेहा मारव्या सिंह जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्हें एक साल से बंद पड़े डीप फ्रीजर की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्काल मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाया और खड़े रहकर डीप फ्रीजर का कनेक्शन कराया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, एक साल से अस्पताल में बिजली का लोड अधिक होने के कारण लोक निर्माण विभाग द्वारा नया सब स्टेशन बनाया जा रहा है। इस निर्माण कार्य के दौरान डीप फ्रीजर को शिफ्ट किया गया था, जिसके बाद से दोनों फ्रीजर बंद पड़े थे। ठेकेदार ग्वालियर का बताया गया है, जिसे कलेक्टर ने तलब किया है।
कलेक्टर की सक्रियता से बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल कनेक्शन जोड़कर डीप फ्रीजर को पुनः चालू कर दिया। कलेक्टर नेहा सिंह अपने युवापन और कार्यशैली के कारण समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने की पहल करती हैं।
इसी प्रकार इस वर्ष पानी की समस्या को भी उन्होंने गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर समय रहते समाधान कराया, जिससे किसी प्रकार की जन असुविधा या विरोध की स्थिति उत्पन्न नहीं हो सकी। वर्तमान में जिले की अधिकतर ग्राम पंचायतों में पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है, और जहां कुछ कमियां हैं वहां तेजी से सुधार का प्रयास जारी है। जिले की जनता कलेक्टर की इस सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना कर रही है।



