साईडलुक, राष्ट्रीय डेस्क। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया चुनाव हार चुके हैं। दिल्ली में भाजपा 27 साल से सत्ता से दूर थी। अब भाजपा दफ्तर में जश्न भी जारी है। दिल्ली की कुर्सी पर अब भाजपा काबिज हो चुकी है। दिल्ली की सभी 70 सीटों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती जा रही है। अब हार-जीत के नतीजे भी सामने आने लगे हैं।
नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल, जंगपुरा से मनीष सिसोदिया और ग्रेटर कैलाश से सौरभ भारद्वाज चुनाव हार चुके हैं। आप के लिए राहत की बात बस इतनी है कि मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी सी चुनाव जीत गई हैं।
अरविंद केजरीवाल ने 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने शीला दीक्षित को करीब 22 हजार वोटों के अंतर से हराकर इस सीट पर कब्जा किया था। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को नई दिल्ली विधानसभा सीट से हराने वाले अरविंद केजरीवाल 2013 में पहली बार वह यहां से विधायक बने और 2020 तक उनकी जीत का सिलसिला कायम रहा, लेकिन इस बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवेश वर्मा ने उन्हें मात दी है।
शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित भी कांग्रेस के टिकट पर मैदान में थे। हालांकि, वह भी हार गए हैं, लेकिन अपनी मां की हार का बदला उन्होंने आप से ले लिया।
अरविंद केजरीवाल चार हजार से ज्यादा वोटों से हारे हैं, जबकि संदीप दीक्षित को कुल 4,541 वोट मिले हैं। अरविंद केजरीवाल जिस सीट पर शीला दीक्षित को हराकर विधायक बने थे, एक दशक बाद वह वो सीट हार चुके हैं।