1 हजार 249 दिव्यांग एवं 85 प्लस मतदाता घर से
कर सकेंगे मतदान 61 मतदान दल गठित,
उम्मीदवारों को दी गई मतदान दलों के रूट चार्ट की सूचना
जबलपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिव्यांग एवं 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं को डाकमत पत्र के माध्यम से घर से ही मतदान करने की दी गई सुविधा के मुताबिक जबलपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में शामिल जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्र के ऐसे 1 हजार 249 मतदाताओं से मतदान कराने पहले चरण में 5 और 6 अप्रैल को मतदान दल उनके घर पहुंचेंगे। डाकमत पत्र से घर से मतदान करने की फार्म 12-डी में सहमति देने वाले इन मतदाताओं से मतदान कराने कुल 61 मतदान दलों का गठन किया गया है। प्रत्येक दल में एक पीठासीन अधिकारी और एक मतदान अधिकारी क्रमांक एक होगा। इनके अलावा एक माइक्रो आब्जर्वर, एक सुरक्षा कर्मी, एक वीडियोग्राफर भी दल के साथ मौजूद रहेगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं को घर से डाकमत पत्र से मतदान की दी गई सुविधा के तहत मतदान दल पहले चरण में 5 और 6 अप्रैल को इन मतदाताओं के घर पहुंचेंगे और मतदान करायेंगे। इस दौरान यदि वे अनुपस्थित रहे तो 8 और 9 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान दल दोबारा उनके घर पहुंचेंगे। इसकी बकायदा घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को सूचना दी जायेगी जिसमें दिन और समय का उल्लेख भी रहेगा। दोबारा भी घर में अनुपस्थित रहने पर ऐसे मतदाताओं को मतदान की सुविधा नहीं होगी वे मतदान केन्द्र पर जाकर भी अपना वोट नहीं डाल सकेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं से घर-घर जाकर डाकमत पत्र से मतदान कराये जाने वाले मतदान दलों के रूट चार्ट की सूचना चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों को दी जा चुकी है। मतदान के दौरान उम्मीदवारों के मतदान अभिकर्ता अथवा राजनैतिक दलों के बूथ लेवल अभिकर्ता भी दिव्यांग एवं 85 प्लस मतदाताओं के घर पर मौजूद रह सकेंगे। मतदान की इस समूची प्रक्रिया की वीडियो ग्राफी भी कराई जायेगी।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार विधानसभा क्षेत्र पाटन में दिव्यांग एवं 85 वर्ष से अधिक आयु के 137 मतदाताओं से घर से मतदान कराने सात मतदान दल गठित किये गये हैं। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र बरगी में 102 मतदाताओं से मतदान कराने दस, जबलपुर पूर्व के 110 मतदाताओं से मतदान कराने सात, जबलपुर उत्तर के 292 मतदाताओं से मतदान कराने दस, जबलपुर केण्ट के 172 मतदाताओं से मतदान कराने सात, जबलपुर पश्चिम के 233 मतदाताओं से मतदान कराने 9, पनागर में 89 मतदाताओं से मतदान कराने चार तथा सिहोरा विधानसभा क्षेत्र के दिव्यांग एवं 85 वर्ष से अधिक आयु के 114 मतदाताओं से मतदान कराने सात मतदान दलों का गठन किया गया है।

