डिंडौरी, रामसहाय मर्दन| जिले के मेहदवानी थाना क्षेत्र के कोंडाझिर गांव में आपसी विवाद के कारण पड़ोसी ने अपने रिश्तेदार को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वही घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने कातिल को हिरासत में ले लिया है। कातिल ने शनिवार रात को आपसी विवाद में वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर शहपुरा अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी रामदयाल मरकाम 42 वर्ष पुत्र सुशील मरकाम 22 वर्ष पिछले चार साल से अपने पड़ोसी सुबेदार धुर्वे 55 वर्ष के घर में रह रहा है। इस बात को लेकर आरोपी का मृतक से लगभग हर दिन विवाद होता था।
शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे आरोपी रामदयाल मरकाम शराब के नशे में था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी घर से बंदूक निकालकर लाया और गोली चला दी। वारदात में सुबेदार धुर्वे की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रामदयाल मरकाम को हिरासत में लेकर मेंहदवानी थाने ले आई। जहां उससे पूछताछ जारी है।
सुबेदार धुर्वे आरोपी रामदयाल मरकाम का ससुर था। आरोपी लगभग हर दिन शराब के नशे में अपने परिजनों से विवाद करता था। चार साल पहले आरोपी ने अपने ही बेटे की मार्कशीट जला दी थी। तब से बेटा सुशील अपने पिता के घर नहीं जाता था। वह पड़ोस में रहने वाले अपने रिश्तेदार सूबेदार के घर रहता था। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह घायल है, इसलिए उसे इलाज के लिए मेंहदवानी अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।



