डिंडौरी| विकासखंड करंजिया के एकीकृत माध्यमिक विद्यालय जोगीग्वारा में 1 अप्रैल को मध्यप्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रवेश उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बावली जोगीग्वारा की सरपंच श्रीमती हेमलता मरावी ने नवप्रवेशी छात्रों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही सभी छात्रों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।
विद्यालय में विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें खीर, पूरी और सब्जी परोसी गई। सरपंच ने स्वयं छात्रों के साथ बैठकर भोजन किया और उनके साथ शैक्षणिक गतिविधियों में भी भाग लिया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख राम कुमार गर्ग, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, अन्य सदस्य, और विद्यालय के समस्त स्टाफ मौजूद रहे। शिक्षकों ने सार्थक ऐप पर गतिविधियों को दर्ज किया और जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ऐप में चेक-इन और चेक-आउट किया।
विद्यालय की गतिविधियों की संकुल प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारी ऑनलाइन निगरानी कर रहे थे। उत्सव के समापन के बाद दोपहर 12 बजे छात्रों को अवकाश दे दिया गया।



