डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। कलेक्टर नेहा मारव्या ने गुरुवार को कलेक्टर सभागार में प्रेसवार्ता का आयोजन किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, डीएफओ हरिओम, अपर कलेक्टर सुनील शुक्ला, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार सहित जिले के सभी पत्रकार उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता में कलेक्टर ने जिले के विकास कार्यों, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जनसुनवाई, ग्रामीण विकास और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की।उन्होंने जानकारी दी कि 15 अप्रैल से ग्राम पंचायत स्तर पर जनसुनवाई की शुरुआत होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की समस्याएं स्थानीय स्तर पर ही हल की जा सकेंगी। साथ ही कलेक्टर कार्यालय में शिकायत पेटी की व्यवस्था की गई है, जिसमें लोग बिना नाम लिखे भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जल संरक्षण को लेकर जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सभी सरकारी भवनों में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही पेयजल संकट से निपटने के लिए नदी, तालाब, कुआं, चेक डेम जैसे जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में उन्होंने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों में रेडमाइजेशन के तहत शिक्षकों की पदस्थापना की जाएगी। यदि हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों की कमी होगी तो माध्यमिक स्कूल के योग्य शिक्षकों को वहाँ अटैच किया जाएगा।
पर्यटन विकास को लेकर कलेक्टर ने बताया कि देवनाला, नेवसाहाल, डगोनापाल, चाड़ा, कारोपानी आदि पर्यटन स्थलों के साथ नर्मदा नदी के किनारे पर्यटन स्थल विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।वन विभाग द्वारा नर्मदा योजना के अंतर्गत बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की योजना है। जिले के कई गांवों में पेयजल परिवहन व्यवस्था को भी सक्रिय रूप से संचालित किया जा रहा है।प्रेसवार्ता के अंत में कलेक्टर ने पत्रकारों से जिले की विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों कोआवश्यक निर्देश दिए।



