डिंडौरी। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी द्वारा जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश अनुसार जिले में शासकीय स्कूलों में संलग्न शिक्षकों की जानकारी एकत्रित कर 12 अप्रैल 2025 को दोपहर 2 बजे विभागीय कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
यह कार्रवाई कलेक्टर डिंडौरी के निर्देश पर शिक्षकों की पदस्थापना को युक्तियुक्त बनाने और मूल पदस्थापना स्थान पर शिक्षकों को भेजने के उद्देश्य से की जा रही है। सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के संकुल प्राचार्यों के साथ 11 अप्रैल को बैठक कर जानकारी संकलित करनी होगी।संलग्न जानकारी में शिक्षक का नाम, पदनाम, मूल पदस्थापना स्थल, वर्तमान संलग्नीकरण स्थल एवं आदेश की जानकारी शामिल रहेगी। साथ ही शून्य शिक्षकीय, एक शिक्षकीय तथा अतिशेष शिक्षकों की जानकारी भी साथ लाना अनिवार्य रहेगा।यह कार्रवाई जिले में शिक्षण व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।



