डिंडौरी| ग्राम पंचायत बोंदर में भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर जी की जयंती बड़े ही धूमधाम और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच गीता बाई पेन्दो द्वारा अंबेडकर जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और तिलक कर की गई।
सरपंच गीता बाई ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे सुंदर संविधान माना जाता है, जो न तो कठोर है और न ही अत्यधिक लचीला। उप सरपंच तमेन धुर्वे ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर ने समाज के हर वर्ग को समानता का अधिकार दिलाया और देश की एकता-अखंडता को मजबूत किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के पंचों के साथ शासकीय शिक्षक संगठन, जिला डिंडोरी के अध्यक्ष राम कुमार गर्ग भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विचार रखते हुए अंबेडकर जी के गुरु कृष्णा केशव अंबेडकर को भी स्मरण किया और कहा कि ऐसे गुरु धन्य हैं जिन्होंने देश को एक महान संविधान निर्माता दिया। साथ ही उन्होंने भीमराव अंबेडकर जी की लगन और कठिन परिश्रम से प्राप्त शिक्षा को प्रेरणास्रोत बताया।कार्यक्रम में गाँव के अनेक लोग उपस्थित रहे और बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


