◆ म.प्र. सरकार श्रवण कुमार बन वृद्धजनों को करा रही तीर्थ दर्शन
डिंडौरी(रामसहाय मर्दन)| कलेक्टर रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत जिले से चयनित 225 तीर्थ यात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर जगन्नाथ पुरी की यात्रा के लिए रवाना किया। उन्होंने बताया कि यात्रियों की बस पहले जबलपुर जाएगी, इसके बाद जबलपुर से सभी यात्री जगन्नाथ पुरी के लिए ट्रेन से रवाना होंगे। कलेक्टर झा ने सभी तीर्थ यात्रियों से यात्रा के दौरान पूर्ण सावधानी बरतने और एक-दूसरे के प्रति सहयोग की भावना रखने को कहा है। कलेक्टर झा ने तीर्थ यात्रियों को उनकी यात्रा सुखद और मंगलमयी हो, इसके लिए शुभकामनाएं भी दी है। सभी यात्री जय-जयकार करते हुए अपनी यात्रा के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, एसडीएम डिंडोरी बलवीर रमण, संयुक्त कलेक्टर सुश्री रजनी वर्मा, राजेंद्र पाठक, तहसीलदार बिसन सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार दिनेश बरकडे सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।