डिंडौरी। जनपद पंचायत बजाग में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज समापन किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन जनपद पंचायत बजाग के सभाकक्ष में “बदलाव का नेतृत्व : स्थानीय सुशासन और उससे परे महिला नेतृत्व को सशक्त बनाना” विषय पर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत बजाग की अध्यक्ष श्रीमती फूलकली मरावी ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष राधेश्याम कुशराम, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सरपंच, उपसरपंच एवं पंच उपस्थित रहे।प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिवस में ग्राम पंचायतों की निर्वाचित महिला सरपंच, उपसरपंच एवं महिला पंचों को सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों के अधिकार एवं कर्तव्य, जीपीडीपी प्लानिंग, तथा स्थानीय सुशासन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान संस्था के प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से दी गई। प्रशिक्षण को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए गतिविधियों, खेलकूद, समूह चर्चा एवं डायग्राम के माध्यम से विषयों को समझाया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी सरपंच, उपसरपंच एवं महिला पंचों से फीडबैक फॉर्म भरवाए गए तथा उन्हें प्रशिक्षण प्रमाण पत्र डाउनलोड कर प्रदान किए गए। समूह फोटो के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में समस्त जनप्रतिनिधि, प्रदान संस्था के मास्टर ट्रेनर, बीसी-आरजीएसए से जुड़े प्रतिनिधि एवं जनपद पंचायत का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला जनप्रतिनिधियों में नेतृत्व क्षमता का विकास कर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा।

