बिना आय सीमा ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ लागू, 65 लाख परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
साईडलुक, डेस्क। पंजाब सरकार ने राज्य के इतिहास में स्वास्थ्य सुरक्षा की सबसे बड़ी योजना लागू करते हुए हर परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक के मुफ्त और कैशलेस इलाज* की गारंटी दी है। ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत यह सुविधा बिना किसी आय सीमा के सभी पंजाबवासियों को उपलब्ध होगी। योजना के लागू होने से राज्य के लगभग 65 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलने का दावा किया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि अब पंजाब में इलाज पैसे के अभाव में नहीं रुकेगा। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में इसे “आम आदमी के लिए स्वास्थ्य की ढाल” करार दिया गया।
सरकारी-निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज
योजना के अंतर्गत लाभार्थी सरकारी के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी कैशलेस उपचार करा सकेंगे। गंभीर बीमारियों, बड़ी सर्जरी, दुर्घटना और महंगे इलाज को इसमें शामिल किया गया है। सरकार के अनुसार, इलाज के लिए किसी प्रकार की अग्रिम राशि जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
हर वर्ग शामिल, कोई शर्त नहीं
सरकार ने साफ किया है कि योजना में कोई आय सीमा, वर्ग या पेशे की बाध्यता नहीं होगी। किसान, मजदूर, व्यापारी, नौकरीपेशा, सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी—सभी इसके दायरे में आएंगे। पहचान के लिए आधार कार्ड अथवा वैध पहचान पत्र पर्याप्त होगा।
आर्थिक बोझ से राहत, स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती
सरकार का कहना है कि महंगे इलाज के कारण परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक दबाव अब कम होगा। यह योजना न केवल आम नागरिक को राहत देगी, बल्कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगी। विशेषज्ञ इसे देश में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की दिशा में अहम कदम मान रहे हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान का बयान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “स्वास्थ्य हर नागरिक का अधिकार है। हमारी सरकार का संकल्प है कि पंजाब का कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में परेशान न हो।”
क्यों है दूसरी योजनाओं से बेहतर
एक नजर में यह योजना का नाम ”मुख्यमंत्री सेहत योजना” रखा गया है। जिसका लाभ हर परिवार को 10 लाख रूपये तक का मुफ्त इलाज दिया जायेगा। इसकी खास बात है कि इसकी कोई आयु सीमा नहीं रखी गई। इलाज की सुविधा सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में मिलेगी, और पंजाब के सभी परिवार इसका लाभ ले सकेंगे।#FrontPage #PunjabNews #मुख्यमंत्रीसेहतयोजना #HealthGuarantee #FreeTreatment #AAPGovernment #10LakhHealthCover #KalmaVeerNews

