डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य, डिंडौरी द्वारा विभागीय शिक्षण संस्थाओं में शैक्षणिक पदों के अनुरूप शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित करने हेतु युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अतिशेष शिक्षकों की सूची तैयार कर संबंधित शिक्षकों को सूचित करें। यदि किसी शिक्षक को स्वयं को अतिशेष किये जाने पर आपत्ति हो, तो वे दिनांक 29 अप्रैल 2025 से 1 मई 2025 तक सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य कार्यालय में उपस्थित होकर साक्ष्य सहित अपना अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। सभी अतिशेष शिक्षकों को लिखित सूचना देना अनिवार्य किया गया है। साथ ही इस संबंध में कलेक्टर डिंडौरी को भी सूचित किया गया है।
शासकीय शिक्षक संगठन ने जताई नाराजगी…
इस बीच शासकीय शिक्षक संगठन जिला डिंडौरी के अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने विभागीय कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा सभी विकासखंडों एवं संकुल प्राचार्यों से रिक्त पदों की वास्तविक जानकारी लिए बिना पूर्व से भरे हुए पदों को रिक्त मानते हुए नए शिक्षकों की पदस्थापना की गई है।
राम कुमार गर्ग ने आरोप लगाया कि पहले से कार्यरत शिक्षकों को बाद में अतिशेष घोषित कर दिया गया है, जिससे कई शिक्षकों को अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों और लिपिकों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस अव्यवस्था का सीधा खामियाजा शिक्षकों को भुगतना पड़ रहा है। शिक्षक संगठन ने प्रशासन से इस प्रक्रिया की पुनः समीक्षा कर वास्तविक स्थिति के अनुसार निर्णय लेने की मांग की है।



