साईडलुक, इंदौर। एमपी ट्रांसको (मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी) ने इंदौर शहर में गर्मी के मौसम में बढ़ने वाली विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुये, अपने 220 केव्ही सबस्टेशन साउथ जोन में 50 एमव्हीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे ऊर्जीकृत किया है।
मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर को स्थापित करने की अनुमानित लागत 315 लाख रूपये है, यह कदम इंदौर में गर्मीयों के दौरान विद्युत आपूर्ति को अधिक सुदृढ़ और विश्वसनीय बनाने की दिशा में उठाया गया है। इस अतिरिक्त व्यवस्था से इंदौर शहर के लगभग 50 हजार विद्युत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सतत् बिजली आपूर्ति संभव हो सकेगी।
इन क्षेत्रों को मिलेगा फायदा
एमपी ट्रांसको इंदौर के अधीक्षण अभियंता जयेश चौपड़ा ने जानकारी दी कि इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से 220 केव्ही सबस्टेशन साउथ जोन की कुल क्षमता बढ़कर 906 एमव्हीए की हो गई है। यह प्रदेश में इंदौर क्षेत्र के पीथमपुर सबस्टेशन के साथ ऐसा दूसरा सबस्टेशन है जहां 132/33 केव्ही क्षमता के 5 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील है। श्री चौपड़ा ने बताया कि एमपी ट्रांसको की इस नई व्यवस्था से इंदौर के राजेन्द्र नगर, नवलखा, डेली कालेज, पीथमपुर, पब्लिस पागा, राउ, सब्जी मंडी क्षेत्रों को लाभ होगा।
इंदौर शहर की ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी में बढ़ोतरी
इस पावर ट्रांसफार्मर के स्थापना के बाद इंदौर शहर की कुल ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी में भी बढोतरी हुई है जो अब बढ़कर 3336 एमव्हीए की हो गई है। इंदौर शहर में एमपी ट्रांसको (मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी) अपने 400 केव्ही के एक सबस्टेशन इंदौर, 220 केव्ही के तीन सबस्टेशन साउथ जोन इंदौर, इंदौर ईस्ट बिचौली, मांगलिया तथा 132 केव्ही के आठ सबस्टेशन सत्यसांई, इलेक्ट्रिानिक्स कॉम्पलेक्स, निरंजनपुर, राउखेडी, महालक्ष्मी नगर जीआईएस, इंदौर पश्चिम, (नवदापंथ) तथा राऊ एकस्ट्रा हाईटेंशन सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है, जिनकी कुल क्षमता 3336 एमव्हीए की है।
ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी हुई 82011 एमव्हीए
मध्यप्रदेश में एमपी ट्रांसको (मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी) अपने 417 सब स्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है। इस क्षमता वृद्धि से मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी की कुल ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर 82011 एमव्हीए की हो गई है जिसमें 132 केव्ही में 36541 एमव्हीए, 220 केव्ही में 33590 एमव्हीए एवं 400 केव्ही में 11880 एमव्हीए क्षमता शामिल है। प्रदेश में एमपी ट्रांसको (मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी) के कुल 1029 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील है।

