डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत चल रहे जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा के लिए कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन तालाबों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम दो तालाबों का निर्माण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्तर सुधार और सिंचाई सुविधा को बढ़ावा मिल सके।
कलेक्टर ने समनापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत सरई के पोषक ग्राम किकरझर और डिंडौरी विकासखंड की ग्राम पंचायत खाम्ही विदयपुर में तालाब निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य समय-सीमा में पूर्ण हो तथा स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्रीमती मारव्या ने कहा कि जल संसाधनों का संरक्षण वर्तमान समय की महती आवश्यकता है। तालाब न केवल वर्षा जल संग्रहण में सहायक होते हैं, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों की सिंचाई और पशुओं की जल आपूर्ति का भी प्रमुख साधन हैं।निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा दीपक आर्मो समेत अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



