डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्य मंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या, पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में नर्मदा नदी में मिलने वाले सात नालों को बंद करने के लिए एमपीयूडीसी द्वारा 10 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव शासन को भेजने की जानकारी दी गई। नगर परिषद के नवीन कार्यालय भवन हेतु भूमि आवंटन लंबित है।
शहर के विकास के लिए 01 फायर ब्रिगेड, स्काई लिफ्ट वाहन, जेसीबी, ट्रैक्टर, कचरा वाहन, हर की पौड़ी की तर्ज पर डैम निर्माण, पेयजल सुविधा के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव रखे गए। नर्मदा नदी संरक्षण और घाटों के सौंदर्यीकरण पर विशेष चर्चा हुई। घाटों पर बैगा संस्कृति आधारित सजावट, चेंजिंग रूम, शौचालय और वृक्षारोपण जैसे कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।
प्रभारी मंत्री ने प्लास्टिक प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने और दुकानों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कार्य में लापरवाही पर नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, नगर परिषद, जिला पंचायत, खनिज और नर्मदा विकास संभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।



