फोटो कॉपी और ऑनलाइन दुकान के नाम पर लाखों का भुगतान, पोर्टल पर नाम नहीं – अब जांच के घेरे में पूरा मामला…
डिंडौरी,राठौर रामसहाय मर्दन| जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ीमाल में लाखों रुपए का फर्जी भुगतान करने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के द्वारा 15वें और 5वें वित्त आयोग की राशि से कुल 3.33 लाख रुपए से अधिक की राशि अवधिया फोटो कॉपी, सुधीर कुमार बैलिया और ऑनलाइन दुकान के नाम पर निकाली गई है, जबकि यह फर्में पोर्टल पर पंजीकृत ही नहीं हैं और इनकी कोई वैधता सिद्ध नहीं हो सकी है। यह घोटाला तब सामने आया जब “साईड लुक न्यूज” में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित हुआ। खबर के आधार पर कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत डिंडौरी ने इस संदर्भ में गहन जांच की और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
ये रहा पूरा मामला…?
दरअसल जांच में यह बात सामने आई कि ग्राम पंचायत पोड़ीमाल द्वारा वर्ष 2024–25 और 2025–26 के बीच कुल 15 बार अलग-अलग भुगतान किए गए, जिनकी कुल राशि ₹3,33,088 है। इनमें से वित्तीय वर्ष 2024—25 में ₹1,33,385 – 15वें वित्त आयोग से भुगतान किया गया। वित्तीय वर्ष 2025—26 में ₹1,26,568 – 15वें वित्त आयोग से (दूसरे चरण में) भुगतान किया गया। वित्तीय वर्ष 2024—25 में ₹73,135 – 5वें वित्त आयोग से भुगतान किया गया।
भुगतान किसे और कैसे हुआ..?
बता दें कि जिन फर्मों को यह भुगतान हुआ, वे अवधिया फोटो कॉपी बृजेश, सुधीर कुमार बैलिया, सुधीर कुमार, बृजेश अवधिया को किया गया है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि ये फर्में पंचायत स्वराज पोर्टल या ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज ही नहीं हैं, न ही इनके कोई वैध रजिस्ट्रेशन या टैक्स दस्तावेज मौजूद हैं। साथ ही अधिकांश भुगतान प्रशासनिक समय—सीमा समाप्त होने के बाद किए गए, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
प्रशासन ने जताई गंभीरता, मांगा जवाब…
जिला पंचायत द्वारा जांच रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया है कि यह सभी भुगतान संदिग्ध हैं और इनकी अनुमति किसके निर्देश पर दी गई, यह स्पष्ट नहीं है। संबंधित सचिव, जनपद अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से जवाब मांगा गया है। रिपोर्ट में यह भी लिखा गया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो दोषियों पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में इस प्रकार के किसी भी भुगतान को रोकने हेतु प्रणाली को पारदर्शी और डिजिटल बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।
पूर्व में प्रकाशित खबर…..




