डिंडौरी| जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय डिंडौरी में 03 अप्रैल को जिले भर के संकुल प्राचार्यों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक, सर्व शिक्षा अभियान ने की।
बैठक में एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर नव प्रवेशी छात्रों के पंजीकरण, शिक्षकों व छात्रों की उपस्थिति, ऑनलाइन मैपिंग, और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अद्यतन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। सभी संकुल प्राचार्यों को अपने क्षेत्र के शिक्षकों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने और सभी गतिविधियों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के आदेश दिए गए।
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा एजुकेशन पोर्टल पर प्रवेश उत्सव, स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी), शिक्षकों एवं छात्रों की उपस्थिति सहित अन्य शैक्षणिक कार्यों को डिजिटल रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सभी प्राचार्यों को इन कार्यों को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु प्रशिक्षण दिया गया।



