डिंडौरी,राठौर रामसहाय मर्दन। सीमित संसाधनों के बीच भी यदि मेहनत और लगन हो, तो सफलता निश्चित है – यह साबित कर दिखाया है डिंडौरी जिले के ग्राम बटोंधा निवासी रंजीत कुमार सैयाम ने मध्यप्रदेश सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा 2022 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रंजीत ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयनित होकर जिले और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। वर्तमान में वे समनापुर विकासखंड के गौराकन्हारी में वर्ष 2022 से उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। रंजीत का जीवन सफर संघर्ष और प्रेरणा से भरा हुआ है। इससे पहले वे वर्ष 2016 से जिला जेल डिंडौरी में जेल प्रहरी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा ग्राम बटोंधा में तथा उच्च माध्यमिक शिक्षा विक्रमपुर में पूरी हुई। स्नातक की पढ़ाई रानी दुर्गावती महाविद्यालय, मंडला से और B.Ed. की डिग्री रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर से प्राप्त की।
रंजीत एक साधारण कृषक परिवार से आते हैं। उनके पिता बिसाहूलाल सैयाम खेती और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद रंजीत ने कभी हार नहीं मानी और कई सरकारी परीक्षाओं में पहले ही प्रयास में सफलता अर्जित की। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, ग्रामीणों और समाज के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाइयाँ दी हैं। रंजीत अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और कठिन परिश्रम को देते हैं। वे युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनकर उभरे हैं।



