डिंडौरी| नगर परिषद डिंडोरी द्वारा शासन के निर्देशानुसार नमस्ते दिवस का आयोजन नगर परिषद कार्यालय के सभा कक्ष में किया गया। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों के लिए एक क्षमता वर्धन कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें स्वच्छता को लेकर जागरूकता और सहयोग पर चर्चा हुई। कार्यशाला के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता अशोक सारस, उपाध्यक्ष सारिका नायक , मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी और राजेश पाराशर सहित अन्य पार्षदगणों की उपस्थिति में “सफाई अपनाओ, गंदगी भगाओ” संदेश के साथ सफाई मित्रों को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में सभी सफाई कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) किट का वितरण किया गया ताकि वे अपने कार्य को सुरक्षित रूप से कर सकें। नगर परिषद अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि, “सफाई कर्मचारी हमारे नगर के असली नायक हैं, जिनके योगदान से शहर स्वच्छ और स्वस्थ रहता है। उनका सम्मान और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।” इस अवसर पर नगर के सभी वार्डों से सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्हें स्वच्छता मिशन को सफल बनाने की दिशा में और अधिक प्रेरणा मिली।



