जिले में सार्थक एप से ई-अटेंडेंस प्रणाली के विरोध में हजारों कर्मचारी सड़क पर उतरे। नेटवर्क समस्या के कारण इसे लागू न करने की मांग को लेकर भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे को ज्ञापन सौंपा गया। विधायक ने कर्मचारियों की मांगों को उचित ठहराते हुए समर्थन दिया…..
डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन|आदिवासी बाहुल्य जिला डिंडौरी में म.प्र. अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले हजारों कर्मचारी सार्थक एप के विरोध में सड़कों पर उतरे। उन्होंने ई-अटेंडेंस प्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के बंगले पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने सभी विभागों के कर्मचारियों के लिए सार्थक एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने का आदेश जारी किया है। हालांकि, डिंडौरी जिले की भौगोलिक परिस्थितियां असामान्य हैं, जिससे यहां नेटवर्क की समस्या बनी रहती है। इस कारण, सार्थक एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराना कठिन हो जाता है। वहीं, यह व्यवस्था मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में लागू नहीं की गई है। जिले के समस्त अधिकारी—कर्मचारियों की मांग है कि जब तक मध्यप्रदेश के सभी जिलों में यह व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक डिंडौरी में इसे लागू न किया जाए।
संयुक्त मोर्चा द्वारा दिए गए ज्ञापन को स्वीकार करते हुए भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराया और समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि जिले की 25% आबादी अब भी नेटवर्क और बिजली की समस्या से जूझ रही है, जिससे कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।



