डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जनपद पंचायत समनापुर की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को जनपद कार्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष पंवती कुशराम और उपाध्यक्ष नीतू लखन बर्मन ने की, वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सीपी सकेत विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और पंचायत सचिवगण उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्रीय विकास और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष द्वारा प्रस्ताव पारित किए गए जिसमें निर्देशित किया गया कि सभी विभाग प्रमुख अपने-अपने स्थानांतरित कर्मचारियों को समयसीमा में रिलीव करें। साथ ही रोजगार सहायकों और सचिवों के पंचायतों के बीच स्थानांतरण संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक के दौरान अनुपस्थित रहे विभागीय अधिकारियों – विशेषकर पशु चिकित्सा, राजस्व, आजीविका एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को नोटिस जारी करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अलावा, कुछ पंचायतों में कार्यों की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित करने तथा जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इस बैठक को जनपद पंचायत की कार्यशीलता और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



