डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिले में गर्मी के मौसम में खाने-पीने की चीजों में मिलावट के बढ़ते खतरे को देखते हुए अब जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर नेहा मारव्या के निर्देश पर होटल और ढाबों में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
डिंडौरी, बजाग और शहपुरा जैसे प्रमुख इलाकों में तहसीलदार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग के अफसर मिलकर जांच करेंगे। इन टीमों को साफ आदेश दिए गए हैं कि जहां भी गंदगी, खराब क्वालिटी का खाना या मिलावट पाई जाए, वहां तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ये अभियान जनता की सेहत को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। अगर किसी होटल या ढाबे में गड़बड़ी मिली तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। अफसरों को निर्देश दिया गया है कि वे हर जांच की रिपोर्ट समय पर जमा करें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी दें।



