डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन। नगर परिषद डिंडौरी ने बस स्टैंड पर की जा रही ठहराव शुल्क वसूली को लेकर बड़ा और जनहितैषी निर्णय लिया है। नगर में लगातार हो रही शिकायतों और समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों के आधार पर नगर परिषद अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से ठहराव शुल्क ठेका को निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं।
यह निर्णय दिनांक 8 जून 2025 को विकास चौकसे द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर विचार के उपरांत लिया गया। नगर परिषद अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बस स्टैंड पर अब किसी भी प्रकार की शुल्क वसूली नहीं की जाएगी और यदि ऐसी कोई गतिविधि पाई जाती है, तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय से नगर के वाहन चालकों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों ने इसे सराहनीय कदम बताते हुए नगर परिषद का आभार जताया है। साथ ही, नगरवासियों ने उम्मीद जताई है कि आगे भी जनहित के ऐसे निर्णय समय-समय पर लिए जाते रहेंगे। नगर परिषद द्वारा यह निर्णय पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।



