डिंडौरी, राठौर रामसहाय मर्दन| जिला पंचायत सीईओ अनिल कुमार राठौर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक का आयोजन कर जिले के विभिन्न विभागों की गतिविधियों की गहन समीक्षा की। बैठक में डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राजस्व, खनिज, कृषि, खाद्य, पर्यटन, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, वन, विद्युत जैसे प्रमुख विभागों के लंबित प्रकरणों, योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सीईओ राठौर ने अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व सीएम हाउस से प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाय) के तहत सड़कों के किनारे वृक्षारोपण हेतु गड्ढों की खुदाई, सिटी फॉरेस्ट डेवलपमेंट, और स्थापना शाखा की लंबित फाइलों, जांचों व नोटिसों पर विशेष ध्यान देने को कहा। विद्युत विभाग को वर्षा ऋतु के पूर्व सभी झूलते तारों की मरम्मत और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद को नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने और पेयजल आपूर्ति में सुधार करने के लिए कहा गया। सीईओ राठौर ने सभी निर्माणाधीन कार्यों को 30 जून 2025 तक हर हाल में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जिले में अवैध शराब की बिक्री पर कठोर कार्रवाई करने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क करते हुए सख्त निर्देश जारी किए।



