डिंडौरी। जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विकासखंडों के बीईओ (BEO) और छात्रावास अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्थानांतरित शिक्षक और छात्रावास अधीक्षक दो दिवस में पदभार ग्रहण करें, अन्यथा कार्रवाई तय है। कलेक्टर नेहा मारव्या की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों, स्थानांतरण, प्रभार ग्रहण और स्कूल-छात्रावास संचालन पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में समनापुर, बजाग, करंजिया, मेहंदवानी, डिंडौरी, अमरपुर और शहपुरा के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) से क्रमवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि जिन अधिकारियों या कर्मचारियों ने स्थानांतरण के बाद भी पदभार ग्रहण नहीं किया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी और इसके लिए संबंधित शिक्षक व अधीक्षक स्वयं जिम्मेदार होंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि दो दिवस के भीतर सभी स्थानांतरित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित संस्था में पदभार ग्रहण करें, अन्यथा संबंधित बीईओ और दोषी कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
मेहंदवानी बीईओ पर कारण बताओ नोटिस
बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मेहंदवानी की अनुपस्थिति और जानकारी न देने पर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी सहायक आयुक्त (जनजातीय कार्य विभाग) एवं डिप्टी कलेक्टर, डिंडौरी द्वारा पदभार ग्रहण के लिए लिखित निर्देश दिए जा चुके हैं। वहीं बैठक में डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार जाटव, बीईओ राजेश मरकाम, मनमोहन महोबिया, प्रशांत दुबे, अनिरूद्ध पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



