भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग लोक शिक्षण संचालनालय में अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण की प्रक्रिया एक बार फिर अफसरशाही की भेंट चढ़ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10 साल की सेवा पूर्ण करने वाले एवं डीएड-बीएड धारक अतिथि शिक्षकों को नियमित करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, लेकिन विभागीय स्तर पर 16 जनवरी 2024 के आदेश के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो सकी है।
शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जारी निर्देशों के बावजूद फाइल विभागीय दफ्तरों में लंबित है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार से मांग की है कि अतिथि शिक्षकों को शीघ्र नियमित करने के आदेश का पालन करवाते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए। संगठन का कहना है कि वर्षों से सेवा दे रहे अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण से न केवल शिक्षकों को स्थायित्व मिलेगा, बल्कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित होगी।

