आय से 543 प्रतिशत अधिक संपत्ति का खुलासा, सहायक ग्रेड-2 सुभाष शर्मा के दो ठिकानों पर दो टीमों ने मारा एक साथ छापा, दो आलीशान मकान और करोड़ों की जमीन मिली
साईडलुक, जबलपुर। जबलपुर में शुक्रवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोकायुक्त की दो टीमों ने एक साथ एक सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी के ठिकानों पर दबिश दे दी। आरोपी सुभाष शर्मा पिता रवि शर्मा जो वर्तमान में क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र सिवनी में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ है और जिसका स्थायी निवास 13/2 झ गली नंबर 02 अंबेडकर कॉलोनी राजीव गांधी वार्ड जबलपुर है, के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत लंबे समय से लोकायुक्त संगठन को मिल रही थी। शिकायत का सत्यापन निरीक्षक जितेंद्र यादव ने किया था और प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधित 2018 की धारा 13(1)बी और 13(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आज सुबह साढ़े पांच बजे उसके निवास और फार्म हाउस पर एक साथ छापामार कार्रवाई शुरू की गई।
सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई में जो दस्तावेज सामने आए हैं उसने जांच दल को भी भौचक्का कर दिया। प्रारंभिक जांच में ही आरोपी और उसकी पत्नी शीला शर्मा के नाम पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अकूत संपत्ति का पता चला है। जांच में सामने आया है कि मौजा लोहारी तहसील पाटन में पत्नी शीला शर्मा के नाम पर विभिन्न कृषि भूमियां खरीदी गई हैं जिनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ ग्यारह लाख दो हजार एक सौ छप्पन रुपये आंकी गई है। इसी तरह मौजा मुरगवां तहसील पाटन में भी पच्चीस लाख इक्यानवे हजार छह सौ अट्ठावन रुपये की भूमि पत्नी के नाम पर मिली है। शहर के गोहलपुर तहसील अधारताल क्षेत्र में सैंतालीस लाख अड़तालीस हजार नौ सौ छियानवे रुपये कीमत के कई प्लाट खरीदे गए हैं। सबसे बड़ा खुलासा मौजा करमेता तहसील अधारताल में हुआ है जहां पैंतालीस सौ इक्यासी वर्गफुट जमीन की कीमत लगभग दो करोड़ अठासी लाख पैंतालीस हजार दो सौ अठासी रुपये आंकी गई है।
इतना ही नहीं, अंबेडकर कॉलोनी राजीव गांधी वार्ड में अट्ठाईस सौ वर्गफुट पर बना दो मंजिला आलीशान मकान भी जांच में सामने आया है। भू तल पर अट्ठाईस सौ वर्गफुट और प्रथम तल पर दो हजार वर्गफुट सहित कुल अड़तालीस सौ वर्गफुट में बने इस पक्के मकान की कीमत लगभग पैंसठ लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पारस कॉलोनी में पंद्रह सौ वर्गफुट में बना एक और दो मंजिला मकान मिला है जिसकी कीमत करीब दस लाख रुपये है। ग्राम लोहारी में ही तीन हजार वर्गफुट में बना एक भव्य फार्म हाउस भी मिला है जिसकी निर्माण लागत बावन लाख रुपये से अधिक है।
लोकायुक्त के मुताबिक आरोपी सुभाष शर्मा ने अपनी कुल वैध आय से कई गुना अधिक खर्च किया है। प्रारंभिक आकलन में उसकी आय से 543.19 प्रतिशत अधिक संपत्ति अनुपातहीन पाई गई है। फिलहाल दोनों जगहों पर सर्चिंग जारी है और बैंक खातों, लॉकरों और अन्य निवेशों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
इस पूरी छापामार कार्रवाई के लिए दो विशेष टीमें बनाई गई थीं। पहली टीम का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा प्रजापति ने किया जिसमें निरीक्षक जितेंद्र यादव, राहुल गजभिये, शशिकला मस्कुले और अन्य सदस्य शामिल रहे। दूसरी टीम उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नीतू त्रिपाठी के नेतृत्व में काम कर रही थी जिसमें निरीक्षक उमा कुशवाह और अन्य स्टाफ मौजूद रहा। देर शाम तक कार्रवाई जारी रहने की संभावना है और संपत्ति का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

